अगर आप वीकेंड की अनोखी सैर की तलाश में हैं, तो इन शानदार राज्यों को घूमने के लिए सिएटल से पोर्टलैंड या इसके उलट रोड ट्रिप करना एक बेहतरीन विकल्प होगा। रास्ते में रोमांच का अनुभव लें—चुनौतीपूर्ण हाइकिंग और कैंपिंग से लेकर बलखाती नदियों के मनमोहक विहंगम दृश्यों तक। पोर्टलैंड से 300 मील का सफर तय करने में 5 घंटे या उससे अधिक लगेंगे। इस दौरान आप सीसाइड, माउंट सेंट हेलेंस, लुईस, माउंट रेनियर और क्लार्क हिस्टॉरिकल स्टेट पार्क जैसे उल्लेखनीय स्थलों को देख सकते हैं। ये सुंदर स्थल प्रशांत तट और मनमोहक पहाड़ी मार्ग के बीच स्थित हैं। यहाँ आप ये सब कर सकते हैं:
पोर्टलैंड से सिएटल, वॉशिंगटन तक जाने के लिए दोनों मार्ग अच्छे विकल्प हैं:
तटीय मार्ग लगभग 270 मील का है और सिएटल पहुँचने में करीब 5 घंटे लगेंगे। पहाड़ी मार्ग 330 मील से अधिक लंबा है और मंज़िल तक पहुँचने में लगभग 7 घंटे लगेंगे। यह सर्दियों में उपयुक्त नहीं है। सड़क की स्थिति, मौसम और आपकी कार की गति के अनुसार यात्रा का अनुमानित समय बढ़ सकता है।

तटीय मार्ग
हाईवे 26 का मार्ग आपको ओरेगन से ले जाएगा। नेहलेम काउंटी पार्क को पार करने के बाद यह हाईवे 101 से जुड़ता है। फिर दक्षिण की ओर थोड़ा घूमकर आप कैनन बीच पहुँचेंगे। यहाँ से यह मार्ग कोलंबिया नदी के किनारे से होते हुए वॉशिंगटन में प्रवेश करेगा। मुख्य मंज़िल तक पहुँचने में अभी कुछ घंटे लगेंगे। तब तक चेहैलिस नदी के नज़ारे देखें, कैपिटल स्टेट फ़ॉरेस्ट से गुज़रें, ओलंपिया पहुँचें और इंटरस्टेट 5 पर जाएँ, जहाँ से आप सिएटल पहुँचेंगे।

तटीय मार्ग पर करने योग्य गतिविधियाँ
तटीय मार्ग पर ड्राइव करते हुए आपको समुद्र के खूबसूरत नज़ारे, ताज़ा समुद्री भोजन और आकर्षक समुद्रतटीय कस्बे देखने को मिलेंगे। ये गतिविधियाँ ज़रूर करें:
- कैनन बीच और सीसाइड में टहलें:
इस खूबसूरत समुद्रतटीय कस्बे में टहलें और ओरेगन तट से प्रेरित स्थानीय कला-संस्कृति का आनंद लें।
- लुईस एंड क्लार्क नेशनल हिस्टॉरिकल पार्क से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारी:
यह पार्क साहसी खोजकर्ताओं को सम्मानित करता है और यहाँ आगंतुक मूल अमेरिकी विरासत के बारे में अधिक जान सकते हैं।
- सनसेट बीच जाएँ:
यह किनारे पर टहलने और ओरेगन के मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेने के लिए शानदार जगह है।
- फ़ोर्ट स्टीवंस देखें:
यह एक दिलचस्प स्थल है, जिसे अमेरिकी गृहयुद्ध के अंत के दौरान कोलंबिया नदी की रक्षा के लिए बनाया गया था।
- पीटर इरेडेल के जहाज़ के मलबे को देखें:
मलबे का दौरा करें और 1906 में दुर्घटनाग्रस्त हुए उस रहस्यमय लोहे के जहाज़ को देखें।
- कर्ट कोबेन मेमोरियल पार्क जाएँ:
चेहैलिस नदी के ठीक पार स्थित यह स्मारक निर्वाण के प्रशंसकों के लिए देखने लायक है।
- कैपिटल स्टेट फ़ॉरेस्ट में अपनी यात्रा समाप्त करें:
कैपिटल स्टेट फ़ॉरेस्ट में पिकनिक का आनंद लें या वहाँ से होकर गुज़रने वाले रास्तों पर पैदल यात्रा करें—यह आगंतुकों के लिए एक शांत आश्रयस्थल है।

पहाड़ी मार्ग
पोर्टलैंड से इंटरस्टेट 5 पर उत्तर की ओर जाएँ, फिर माउंट सेंट हेलेंस देखने के लिए स्टेट रूट 504 पर पूर्व की ओर मुड़ें। I-5 पर लौटें और उत्तर की ओर बढ़ते रहें। चेहैलिस के पास हाईवे 12 ईस्ट पर निकलें, जहाँ से आप रिफ़ लेक के पास से गुज़रेंगे। हाईवे 12 और हाईवे 123 के रास्ते माउंट रेनियर नेशनल पार्क पहुँचें। वहाँ घूमने के बाद एन्यूमक्लॉ की ओर जाएँ और स्टेट रूट 164 से उत्तर की ओर रूट 18 तक पहुँचें, जो वापस I-5 से जुड़कर उत्तर की ओर सिएटल की दिशा में जाता है। इस मार्ग पर वॉशिंगटन के कुछ सबसे मनमोहक प्राकृतिक नज़ारे देखने को मिलते हैं।

पहाड़ी मार्ग पर आनंद लेने लायक चीज़ें
पोर्टलैंड से सिएटल तक का पहाड़ी मार्ग प्राकृतिक अजूबों की शानदार विविधता प्रस्तुत करता है। इनमें माउंट सेंट हेलेंस के नाटकीय ज्वालामुखीय नज़ारे, रिफ़ लेक के शांत दृश्य और माउंट रेनियर नेशनल पार्क की भव्य सुंदरता शामिल हैं। यहाँ आप इन चीज़ों का आनंद ले सकते हैं:
- जॉनस्टन रिज ऑब्ज़र्वेटरी जाएँ:
रोमांच के शौकीनों को यह जगह ज़रूर पसंद आएगी, जहाँ उन्हें विस्फोट के बारे में और जानने का मौका मिलेगा।
- रिफ़्लेक्शन लेक के मनोरम दृश्यों का आनंद लें:
प्रकृति प्रेमियों और फ़ोटोग्राफ़रों को पहाड़ के मनोरम दृश्यों को कैमरे में कैद करने के लिए इस शानदार जगह पर ज़रूर जाना चाहिए। माउंट रेनियर की छवि नदी में बिल्कुल साफ़ दिखाई देती है।
- स्काईलाइन लूप ट्रेल पर पैदल यात्रा करें:
5.5 मील की यह चढ़ाई ग्लेशियरों, अल्पाइन घास के मैदानों और शानदार झरनों के मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करती है, जो आपको माउंट रेनियर की सुंदरता में डुबो देंगे।
- मर्टल फ़ॉल्स जाएँ:
यह एक आसान पैदल रास्ता है, जो शानदार झरनों तक ले जाता है और माउंट रेनियर का एक और प्रसिद्ध नज़ारा दिखाता है।
- क्रिस्टल पीक पर चढ़ें:
कठिन चढ़ाई करके क्रिस्टल पीक पर पहुँचें और वहाँ से शानदार नज़ारों का आनंद लें।
- सन टॉप लुकआउट का अनुभव लें:
समुद्र तल से 5,000 फ़ीट से अधिक ऊँचाई पर स्थित यह जगह घाटी के असाधारण दृश्य प्रस्तुत करती है।
रोड ट्रिप के लिए ध्यान रखने योग्य ड्राइविंग सुझाव:
इस शानदार सड़क यात्रा के लिए किसी विशेष ड्राइविंग दिशानिर्देश का पालन करने की ज़रूरत नहीं है। सुरक्षा नियमों का ध्यान रखें। इसके अलावा, चूँकि इस रोड ट्रिप में दो बड़े महानगरीय शहर शामिल हैं, इसलिए गति-सीमाओं के अनुसार गाड़ी चलाएँ और थकान से बचने के लिए बीच-बीच में विश्राम करें।
घूमने का सही समय
मौसम चाहे कोई भी हो, प्रशांत उत्तर-पश्चिम के नज़ारे बेहद खूबसूरत होते हैं। लेकिन अगर आप कुछ रोमांचक बाहरी गतिविधियों के लिए तैयार हैं, तो नवंबर से मार्च के बीच सड़क यात्रा करना ठीक नहीं होगा, क्योंकि उस समय ठंड होगी और संभव है कि बर्फ़ भी पड़े। इसलिए, घूमने के लिए अप्रैल से अक्टूबर तक के महीने सबसे अच्छे हैं, लेकिन ठंडी शामों से बचने के लिए अपने साथ कई परतों वाले कपड़े ज़रूर रखें। इसके अलावा, रेनकोट, छाता और बारिश में पहनने वाले जूते भी साथ ले जाएँ, क्योंकि इस यात्रा के बीच में पड़ने वाले ठहरावों में से एक वॉशिंगटन में बहुत बारिश होती है।
आपकी यात्रा कैसी भी हो, रोड ट्रिप का असली आनंद उन पलों में है जिनका आप अपने विश्राम के दौरान लुत्फ़ उठाते हैं। अतीत की कहानियाँ सुनाते मिलनसार स्थानीय लोग, सड़क किनारे के शानदार ढाबों में स्वादिष्ट पाई और पिज़्ज़ा खाना, तस्वीरों के लिए बेहतरीन पलों को कैमरे में कैद करने के लिए अचानक रुकना, या झील के नज़ारों की शांति का आनंद लेना—यही सब इसे खास बनाता है। नज़दीक ही मौजूद किसी नए शहर की ओर बढ़ने का उत्साह रोमांच बढ़ा देता है, और साथ ही विशाल हरियाली से घिरी सड़कों की शांति का अनुभव मन को अपार सुकून देता है।
पोर्टलैंड से सिएटल तक की सड़क यात्रा आपको प्रशांत उत्तर-पश्चिम के हृदय से होकर ले जाती है, जो ऐसा क्षेत्र है जहाँ की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता आपको मंत्रमुग्ध कर देती है और जिसके शानदार दृश्यों को खोजने के लिए आप आमंत्रित हैं। यह यात्रा निस्संदेह यादगार अनुभवों की एक अनूठी शृंखला का वादा करती है, जो खोज की भावना और इस यात्रा को परिभाषित करने वाले परिदृश्यों के प्रति आकर्षण का सम्मान करती है। चाहे यह आपकी पहली यात्रा हो या आप पहले भी वहाँ जा चुके हों, आपको यह हर हाल में पसंद आएगी।
